मेदिनीपुर, जिले में सोमवार शाम ट्रैक्टर की टक्कर से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान अजीत चक्रवर्ती (64) के रूप में हुई है, जो भादुतला क्षेत्र के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शालबनी थाना क्षेत्र के भादुतला इलाके में हुई।
बताया गया है कि वृद्ध शाम के समय साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने भादुतला-पिड़ाकाटा राज्य सड़क तथा मेदिनीपुर-बांकुड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने तथा ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर अवरोध हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।






